माहेश्वरी समाज ने बनाया 100 आईएएस बनाने का टारगेट-बियानी
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सशक्त बनाने पर रहेगा विशेष फोक
राष्ट्रीय माहेश्वरी महासभा के कार्यकारी मंडल सदस्य एवं हरियाणा-पंजाब-हिमाचल-जम्मू कश्मीर प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के प्रांतीय संगठन मंत्री श्री आनंद बियानी ने कहा कि माहेश्वरी समाज ने देशभर में 100 आईएएस अधिकारी तैयार करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। वे जोधपुर में आयोजित माहेश्वरी समाज के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए समाज बंधुओं को संबोधित कर रहे थे।
श्री बियानी ने बताया कि अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा ने समाज के प्रतिभाशाली युवाओं को प्रशासनिक सेवाओं के लिए तैयार करने तथा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सशक्त बनाने हेतु यह निर्णय लिया है। इसके साथ ही समाज में घटती जनसंख्या पर चिंतन करते हुए यह भी तय किया गया है कि यदि 21-22 वर्ष की युवती एवं 24-25 वर्ष के युवक का विवाह होता है, तो महासभा की ओर से 21,000 रुपये की राशि शगुन स्वरूप प्रदान की जाएगी।
उन्होंने जानकारी दी कि राष्ट्रीय स्तर पर युवा सभा, महिला सभा एवं महासभा के गठन के साथ-साथ जिला एवं प्रादेशिक स्तर पर भी सुदृढ़ संगठनात्मक ढांचा कार्यरत है। इसके माध्यम से श्री कृष्ण दास जाजू स्मारक ट्रस्ट द्वारा समाज की विधवा, परित्यक्ता बहनों, अशक्त जनों एवं विद्यार्थियों को मासिक सहायता प्रदान की जाती है।
इसी प्रकार “श्री आदित्य विक्रम मैमोरियल व्यापार सहयोग केंद्र” के माध्यम से आर्थिक रूप से सीमित आय वाले जरूरतमंद समाजजनों को व्यवसाय हेतु न्यूनतम सेवा शुल्क पर दो लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है। “श्री राम गोपाल माहेश्वरी स्मृति शिक्षा सहयोग केंद्र” द्वारा मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा हेतु छात्रवृत्ति दी जाती है, जबकि “बदरीलाल सोनी शिक्षा सहयोग केंद्र” के अंतर्गत उच्च तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा के लिए चार लाख रुपये तक के बैंक ऋण पर 75 प्रतिशत ब्याज सहयोग प्रदान किया जाता है।
इसके अतिरिक्त “अखिल भारतीय महिला सेवा ट्रस्ट” द्वारा महिलाओं को स्वावलंबन, शिक्षा, प्रतिभा विकास एवं स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग दिया जाता है। “श्री बांगड़ माहेश्वरी मेडिकल वेलफेयर सोसायटी” जरूरतमंदों को दवाइयों, अस्पताल खर्च तथा लीवर एवं किडनी प्रत्यारोपण हेतु सहायता प्रदान करती है। “माहेश्वरी सर्वांगीण विकास योजना” के अंतर्गत असहाय वृद्ध एवं दिव्यांग समाजजनों को आर्थिक सहयोग दिया जाता है।
श्री बियानी ने बताया कि “श्री कोठारी बंधु शौर्य स्मृति ट्रस्ट” साहसिक कार्य करने वाले समाजजनों को सम्मानित करता है तथा “ए.बी.एम.एम. माहेश्वरी रिलीफ फाउंडेशन” प्राथमिक विद्यालयों को सहायता प्रदान करता है। इसके साथ ही हरियाणा-पंजाब प्रादेशिक माहेश्वरी सभा द्वारा क्षेत्र के अंतर्गत जरूरतमंद समाजजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
अंत में उन्होंने समाज बंधुओं से अपील की कि वे इन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने हेतु अपनी स्थानीय सभाओं से संपर्क कर संबंधित ट्रस्टों की जानकारी प्राप्त करें।





Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!