हिमाचल में RDG पर सियासी टकराव, जयराम ठाकुर का कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप
हिमाचल प्रदेश में रेवेन्यू डेफिसिट ग्रांट (RDG) को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आरडीजी के मुद्दे पर तथ्य छिपाकर जनता को गुमराह किया जा रहा है और अपनी वित्तीय बदहाली से ध्यान हटाने की कोशिश की जा रही है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस शासित कर्नाटक ने स्वयं आरडीजी समाप्त करने की मांग की थी, लेकिन हिमाचल के मुख्यमंत्री इस सच्चाई पर चुप हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस की राज्यों के लिए अलग-अलग नीति है। साथ ही उन्होंने याद दिलाया कि 15वें वित्त आयोग की सिफारिशों में आरडीजी को चरणबद्ध रूप से समाप्त करने के संकेत पहले ही दिए जा चुके थे, जिनसे वर्तमान मुख्यमंत्री भी भली-भांति परिचित थे।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि वित्त आयोग की सिफारिशें दीर्घकालिक आर्थिक ढांचे के तहत लागू होती हैं और राज्यों को पहले से इसकी जानकारी रहती है। उन्होंने कांग्रेस सरकार से राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप छोड़कर प्रदेश की बिगड़ती वित्तीय स्थिति सुधारने और खर्च प्रबंधन पर जनता को स्पष्ट जवाब देने की मांग की।





Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!