पंचकुला में 28 फरवरी को भव्य होली महोत्सव, तैयारियों को लेकर ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न
पंचकुला। श्री कृष्ण कृपा परिवार पंचकुला ट्रस्ट द्वारा आगामी 28 फरवरी, शनिवार को आयोजित किए जाने वाले भव्य एवं विशाल होली महोत्सव की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक सेक्टर 16 स्थित अग्रवाल भवन में हुई, जिसमें ट्रस्ट के मुख्य पदाधिकारियों और सदस्यों ने आयोजन की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और जिम्मेदारियों पर विस्तृत चर्चा की।
ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि परमपूज्य स्वामी ज्ञानानंद महाराज जी के आशीर्वाद से यह होली महोत्सव प्रतिवर्ष श्रद्धा, उत्साह और आध्यात्मिक वातावरण के साथ आयोजित किया जाता है। इस वर्ष आयोजन को पहले से अधिक भव्य और सुव्यवस्थित बनाने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने का अनुमान है, जिसके मद्देनजर व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
बैठक के दौरान दर्शन व्यवस्था, मंच सज्जा, कीर्तन कार्यक्रम, रंगोत्सव, सुरक्षा प्रबंध, पार्किंग व्यवस्था तथा भोजन प्रसाद वितरण से संबंधित विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। ट्रस्ट के सदस्यों ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि किसी भी श्रद्धालु को श्री कृपा बिहारी जी के दर्शन या प्रसाद ग्रहण करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए स्वयंसेवकों की अलग-अलग टीमों का गठन करने और जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से निर्धारित करने का निर्णय लिया गया।
ट्रस्ट के अध्यक्ष परविंदर ढींगरा ने कहा कि होली महोत्सव केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि भक्ति और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने सभी सदस्यों से समर्पण भाव से कार्य करने का आह्वान किया ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। महासचिव धर्मपाल सिंगला ने बताया कि आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और आपातकालीन चिकित्सा सहायता जैसी सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा।
बैठक में वनीत जैन, दीपक लूथरा, वृषभान गर्ग, सुशील बिंदल, परवीन अग्रवाल, रिम्पी गर्ग, दिनेश गुप्ता, संजय गर्ग, साहिल गोयल, दिनेश बंसल, ओ.पी. पाहवा, नरेश शर्मा सहित अन्य सदस्यों ने भी अपने सुझाव प्रस्तुत किए और विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालने का आश्वासन दिया।
ट्रस्ट की ओर से श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर होली महोत्सव को सफल बनाएं और भक्ति, प्रेम एवं सद्भाव का संदेश समाज में फैलाएं। आयोजन को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है और तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।



Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!