नाश्ता कांग्रेस में, लंच बीजेपी में पर शाम की चाय कांग्रेस में
पंचकूला की राजनीति में ‘पलटवार’ का खेल तेज, सेक्टर 15 में दिनभर चला दल-बदल ड्रामा
पंचकूला के सेक्टर 15 में चुनावी माहौल के बीच राजनीतिक हलचल उस समय चर्चा का विषय बन गई जब दिनभर एक नेता के दल-बदल की खबरें तेजी से बदलती रहीं। प्रचार अभियान के अंतिम दिन ऐसा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला, जिसे स्थानीय स्तर पर ‘नाश्ता एक पार्टी में, लंच दूसरी में और शाम की चाय फिर पुरानी पार्टी में’ जैसे तंज के साथ जोड़ा जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, भाजपा ने कांग्रेस के जिला सचिव संजीव गोयल को अपने खेमे में शामिल कर बड़ी राजनीतिक बढ़त का दावा किया था। पार्टी ने इसे संगठनात्मक मजबूती के तौर पर पेश किया, लेकिन यह समीकरण ज्यादा देर टिक नहीं सका। शाम होते-होते संजीव गोयल के फिर से कांग्रेस में लौटने की खबर ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी।

स्थानीय स्तर पर इस घटनाक्रम को महज एक दिन में बदले राजनीतिक रुख के रूप में देखा जा रहा है, जिसने दोनों दलों के बीच बयानबाजी को भी तेज कर दिया है। कांग्रेस और भाजपा दोनों ही इस घटनाक्रम को अपने-अपने पक्ष में संतुलित करने में जुटी दिखीं।
यह पहली बार नहीं है जब पंचकूला की राजनीति में इस तरह का ‘आवागमन’ देखने को मिला हो। इससे पहले इसी नगर निगम चुनाव के दौरान वार्ड नंबर 13 में भी ऐसा ही राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया था, जब विपिन लिड्डो को टिकट वितरण से असंतुष्टि के बाद भाजपा से कांग्रेस में लाया गया था और उन्हें वार्ड नंबर 14 से उम्मीदवार भी घोषित किया गया था। हालांकि, बाद में देर रात उन्हें फिर से भाजपा खेमे में शामिल कर लिया गया था।
लगातार बदलते इन राजनीतिक समीकरणों ने स्थानीय चुनावी माहौल को और अधिक दिलचस्प बना दिया है, जहां दल-बदल की यह ‘रणनीतिक राजनीति’ मतदाताओं के बीच भी चर्चा का विषय बनी हुई है।




Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!