महाराष्ट्र में चार्टेड विमान क्रैश : डिप्टी CM अजित पवार समेत विमान में सवार सभी 5 लोगों का निधन; विमान जलकर खाक
बारामती (महाराष्ट्र)। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख अजित पवार का एक दुखद विमान हादसे में निधन हो गया है। बुधवार सुबह मुंबई से बारामती की ओर जा रहे चार्टर्ड विमान में लैंडिंग के दौरान यह भीषण दुर्घटना हुई, जिसमें विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई।
हादसा बारामती एयरपोर्ट पर सुबह करीब 8.45 बजे हुआ। डीजीसीए (डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन) के अनुसार, विमान मुंबई से उड़ान भरकर बारामती पहुंचा था, जहां पंचायत चुनावों के प्रचार के लिए अजित पवार चार जनसभाओं को संबोधित करने जा रहे थे। लैंडिंग की पहली कोशिश विफल रही, जिसके बाद दूसरी कोशिश में विमान रनवे से फिसल गया और आग की लपटों में घिर गया। विमान पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
विमान में अजित पवार के अलावा उनके निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) विदिप जाधव, फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली तथा दो पायलट—कैप्टन सुमित कपूर और कैप्टन शांभवी पाठक—सवार थे। हादसे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि किसी को बचाया नहीं जा सका। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विमान के क्रैश होते ही जोरदार धमाका हुआ, आग लग गई और कई बार विस्फोट की आवाजें आईं। आग इतनी भयानक थी कि राहत कार्य में देरी हुई।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। सभी सरकारी कार्यालय, स्कूल-कॉलेज बुधवार को बंद रहेंगे तथा राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।
अजित पवार का अंतिम संस्कार बारामती में होने की संभावना है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह सहित कई प्रमुख नेता शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि अजित पवार एक जननेता थे, जिनका जमीनी स्तर पर गहरा जुड़ाव था। उन्होंने महाराष्ट्र की सेवा में हमेशा अग्रणी रहकर गरीबों के सशक्तिकरण के लिए काम किया। उनका असमय निधन बेहद दुखद और चौंकाने वाला है। राष्ट्रपति ने भी इसे अपूरणीय क्षति बताया।
शरद पवार, सुप्रिया सुले और सुनेत्रा पवार सहित परिवार के सदस्य बारामती पहुंच चुके हैं। अस्पताल के बाहर समर्थकों की भारी भीड़ जमा है, जहां शव लाए गए हैं।
हादसे की जांच एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (एएआईबी) ने शुरू कर दी है। एक टीम दिल्ली में विमान संचालक कंपनी वीएसआर वेंचर्स के कार्यालय पहुंची है, जबकि दूसरी टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है। कंपनी ने कहा कि पायलट के पास 16 हजार घंटे का फ्लाइंग अनुभव था और विमान में कोई तकनीकी खराबी नहीं थी।
यह घटना महाराष्ट्र की राजनीति के लिए एक बड़ा झटका है। अजित पवार रिकॉर्ड छह बार उपमुख्यमंत्री रह चुके थे और वित्त एवं योजना मंत्री के रूप में राज्य की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे। उनका निधन राज्य में शोक की लहर पैदा कर गया है।





Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!