त्यौहारी सीजन के बाद गोल्ड की कीमतों में तेज गिरावट, निवेशकों में हलचल
शादी सीजन से फिर बढ़ सकती है चमक ?
त्योहारों के बाद सोने के बाजार में अचानक ठंडक आ गई है। रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के बाद अब सोने की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई है। 10 ग्राम सोना जहां कुछ दिन पहले 1.32 लाख रुपये तक पहुंच गया था, वहीं अब यह घटकर करीब 1.21 लाख रुपये ( शनिवार 25 अक्टूबर को ) पर आ गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में 6% की गिरावट और डॉलर की मजबूती को इसका मुख्य कारण माना जा रहा है।
जानकारों का कहना है कि यह गिरावट कोई स्थायी मंदी नहीं, बल्कि ‘टेक्निकल करेक्शन’ है — यानी कीमतों में तेज़ उछाल के बाद आई सामान्य गिरावट। मुनाफावसूली के चलते निवेशकों ने रिकॉर्ड स्तर पर सोना बेचकर लाभ लिया, जिससे बाजार में बिक्री का दबाव बढ़ा। इसके साथ ही अमेरिकी डॉलर की मजबूती ने सोने को और कमजोर किया, क्योंकि डॉलर और सोने का रिश्ता आमतौर पर उलटा चलता है।
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, धनतेरस और दिवाली के दौरान हुई भारी खरीदारी के बाद अब मांग में स्वाभाविक गिरावट आई है। इस बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में ‘स्पॉट गोल्ड’ का भाव 4,381 डॉलर प्रति औंस से गिरकर 4,100 डॉलर से नीचे आ गया — जो 2013 के बाद की सबसे बड़ी एक दिवसीय गिरावटों में से एक है।
आगे क्या? विशेषज्ञों का मानना है कि फिलहाल यह गिरावट निवेशकों के लिए खरीदारी का “सही समय” हो सकता है। शादी-ब्याह का सीजन नजदीक है और भारत में यह पारंपरिक रूप से सोने की मांग को फिर से बढ़ा देता है। लॉन्ग-टर्म निवेशक अब भी इसे सुरक्षित विकल्प मान रहे हैं।
आईबीजेए की उपाध्यक्ष अक्षा कम्बोज के अनुसार, “सोने में गिरावट अस्थायी है। जैसे ही शादी की मांग बढ़ेगी, कीमतें दोबारा ऊपर जाने लगेंगी।”
यानी फिलहाल सोने का भाव भले ही ठंडा पड़े, लेकिन इसकी चमक जल्द ही लौटने की पूरी संभावना है। 1 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के नीचे जाने की अटकलें विशेषज्ञों को अभी संभावनाओं से परे लगती हैं।



Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!