दो विकेट चटकाने के बाद एक और विकेट चटकाने की तैयारी में चंडीगढ़ भाजपा !
चंडीगढ़ मेयर चुनाव से पहले सियासी समीकरण बदले, AAP को झटका; सदन में भाजपा सबसे मजबूत स्थिति में
विपक्ष का एक और विकेट जल्द गिरेगा : भाजपा सूत्र
चंडीगढ़
नगर निगम मेयर चुनाव से ठीक पहले चंडीगढ़ की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। आम आदमी पार्टी (AAP) की दो महिला पार्षदों—सुमन देवी और पूनम देवी—के भाजपा में शामिल होने से निगम के संख्या बल में बड़ा बदलाव आ गया है। इस घटनाक्रम के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) अब नगर निगम में सबसे प्रभावशाली स्थिति में पहुंच गई है, जबकि AAP को गंभीर राजनीतिक झटका लगा है।
जनवरी में होने वाले मेयर चुनाव को देखते हुए यह बदलाव बेहद अहम माना जा रहा है। दोनों पार्षदों को पूर्व मेयर सरबजीत कौर और भाजपा नेताओं की मौजूदगी में पार्टी में शामिल कराया गया। इससे पहले निगम में भाजपा के पास 16 वोट थे, जो अब बढ़कर 18 हो गए हैं। वहीं AAP की ताकत घटकर 11 रह गई है, जबकि कांग्रेस के पास 6 पार्षद हैं और सांसद को मिलाकर कुल 7 वोट माने जाते हैं।
इस बार मेयर चुनाव की प्रक्रिया भी निर्णायक भूमिका निभाएगी। चुनाव गुप्त मतदान के बजाय हाथ उठाकर होगा, जिससे क्रॉस वोटिंग की गुंजाइश लगभग खत्म हो गई है। कुल 35 पार्षदों और चंडीगढ़ के सांसद के वोट को मिलाकर 36 वोट मान्य होंगे। बहुमत के लिए 19 वोट जरूरी हैं। मौजूदा स्थिति में भाजपा बहुमत से सिर्फ एक वोट दूर है। यदि विपक्ष का कोई पार्षद अनुपस्थित रहता है, तो भाजपा 18 वोटों के साथ भी मेयर बनाने की स्थिति में आ सकती है।

चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष के दाहिने और बाएं तरफ बैठी हुई भाजपा की नई नवेली पार्षद पूनम और सुमन , दोनों आम आदमी पार्टी का दामन छोड़कर भाजपा में आई है ।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस बदलाव का असर सिर्फ मेयर पद तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पद भी विपक्ष के हाथ से निकल सकते हैं। पिछली बार कांग्रेस और AAP के गठबंधन के बावजूद भाजपा क्रॉस वोटिंग के चलते मेयर पद हासिल करने में सफल रही थी।
चंडीगढ़ नगर निगम में 2022 से अब तक मेयर चुनाव लगातार विवादों और नाटकीय मोड़ों का गवाह रहा है। कभी क्रॉस वोटिंग, कभी सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप और कभी गठबंधन टूटने से नतीजे पलटते रहे हैं। ऐसे में इस बार का चुनाव भी केवल संख्या बल नहीं, बल्कि राजनीतिक रणनीति और अनुशासन की कड़ी परीक्षा माना जा रहा है।
जल्दी ही एक और विकेट विपक्ष का गिरा देंगे : चंडीगढ़ भाजपा के एक नेता
विपक्ष के दो पार्षदों के अपने खेमे में शामिल करवा लेने के बाद भाजपा के एक नेता ने अनौपचारिक बातचीत में कहा कि वैसे तो भाजपा का मेयर बना अब पूरी तरीके से तय हो चुका है पर भाजपा को रिस्क नहीं लेगी जल्दी ही आपको एक और अच्छी सूचना मिलेगी । उनके कहने का तात्पर्य यह था कि जो एक वोट काम है विपक्ष का कोई एक और पार्षद जल्द ही भाजपा ज्वाइन कर लेगा ।




Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!