समय के साथ खुद को डालना होगा वरना : AI की लहर से बदली भारतीय IT इंडस्ट्री की तस्वीर, पारंपरिक मॉडल पर मंडरा रहा संकट !
AI की लहर से बदली भारतीय IT इंडस्ट्री की तस्वीर, पारंपरिक मॉडल पर मंडरा रहा संकट !
भारतीय IT इंडस्ट्री पिछले तीन दशकों से जिस बिज़नेस मॉडल पर खड़ी रही, वही मॉडल अब तेज़ी से चुनौती के घेरे में है। आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस का नया अवतार केवल सहायक तकनीक नहीं रहा, बल्कि वह इंसानों की जगह सीधे काम करने वाला “AI वर्कर” बन चुका है। कोडिंग, टेस्टिंग, सॉफ्टवेयर मेंटेनेंस, अकाउंटिंग और लीगल ड्राफ्टिंग जैसे काम, जिन पर लाखों पेशेवरों का भविष्य टिका था, अब मशीनें मिनटों में कर रही हैं। इस बदलाव ने भारतीय IT कंपनियों की दिशा और दशा दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हाल के दिनों में टेक इंडस्ट्री के भीतर की बातचीत इस बदलाव की गहराई को उजागर करती है। एक टेक मैनेजर के अनुभव के अनुसार, जिस काम को एक सीनियर प्रोग्रामर कई दिनों में पूरा करता था, वही काम AI को साधारण निर्देश देकर कुछ ही मिनटों में कराया जा सकता है—वह भी बेहतर गुणवत्ता के साथ। मैनेजर का कहना है कि इंसानी कर्मचारियों के साथ मीटिंग, मॉनिटरिंग और समन्वय में समय और लागत दोनों लगते हैं, जबकि AI के साथ ऐसी कोई जटिलता नहीं होती। यह सोच अब केवल व्यक्तिगत निर्णय नहीं रही, बल्कि पूरी इंडस्ट्री में फैलती मानसिकता बनती जा रही है।
इसी पृष्ठभूमि में हाल के सप्ताहों में भारतीय IT कंपनियों के शेयरों में गिरावट देखी गई। निवेशकों की चिंता का बड़ा कारण AI क्षेत्र में हो रहे तेज़ विकास हैं, खासकर उन टूल्स को लेकर जो पारंपरिक “Software as a Service” मॉडल को ही अप्रासंगिक बना सकते हैं। अब तक IT कंपनियाँ सॉफ्टवेयर के उपयोग और उसके मेंटेनेंस के बदले शुल्क लेकर कमाई करती थीं, लेकिन नई पीढ़ी का AI खुद सॉफ्टवेयर विकसित करने, चलाने और मेंटेन करने में सक्षम होता जा रहा है।
इस बदलाव का असर भारत पर इसलिए भी गहरा है, क्योंकि देश की अधिकांश IT कंपनियों का कारोबार विदेशी ग्राहकों के सॉफ्टवेयर सिस्टम के मेंटेनेंस और सपोर्ट पर निर्भर रहा है। इस मॉडल में इंसानी टीमें, घंटे के हिसाब से बिलिंग और लंबी परियोजनाएँ शामिल होती हैं। लेकिन जब वही काम AI कुछ मिनटों में कर दे, तो घंटों की जरूरत ही खत्म हो जाती है। इससे पारंपरिक रेवेन्यू स्ट्रक्चर पर सीधा असर पड़ रहा है।
AI टूल्स का विकास इस बदलाव को और तेज़ कर रहा है। अब AI केवल सुझाव देने तक सीमित नहीं है, बल्कि वह सिस्टम का हिस्सा बनकर एक कर्मचारी की तरह काम कर सकता है। कोडिंग से लेकर लीगल और अकाउंटिंग तक, कई क्षेत्रों में AI को “डिजिटल वर्कर” के रूप में पेश किया जा रहा है। बड़ी टेक कंपनियों में मैनेजमेंट की भूमिका भी सीमित होती दिख रही है, क्योंकि कई फैसले और प्रक्रियाएँ AI स्वयं तय कर लेता है।
जॉब मार्केट के संकेत भी चिंताजनक हैं। कुछ साल पहले तक प्रोग्रामिंग को सबसे सुरक्षित और आकर्षक करियर माना जाता था, लेकिन अब इन नौकरियों की संख्या में भारी गिरावट देखी जा रही है । खासकर 45 वर्ष से अधिक उम्र के पेशेवरों के लिए हालात कठिन होते जा रहे हैं, जबकि फ्रेशर्स के लिए अवसर पहले के मुकाबले काफी सीमित हो गए हैं।
बाजार में इस स्थिति को “SaaS-पोकैलिप्स” जैसे शब्दों से भी जोड़ा जा रहा है—अर्थात वह दौर, जहाँ पारंपरिक सॉफ्टवेयर सर्विस मॉडल का अंत हो सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि संकट केवल नौकरियों का नहीं, बल्कि पूरे बिज़नेस मॉडल का है। हालांकि यह भी उम्मीद जताई जा रही है कि भारतीय IT कंपनियाँ समय के साथ खुद को ढालेंगी और AI कंसल्टेंसी, इंटीग्रेशन और रणनीतिक सेवाओं जैसे नए क्षेत्रों में अवसर तलाशेंगी।
स्पष्ट है कि AI का यह दौर भारतीय IT इंडस्ट्री को एक निर्णायक मोड़ पर ले आया है। पुराने रास्ते अब उतने कारगर नहीं रहे, और भविष्य उन्हीं कंपनियों का होगा जो इस तकनीकी बदलाव को समय रहते अपनाकर खुद को नए सिरे से परिभाषित कर लेगा ।




Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!