डोंबिवली के पास लोकल ट्रेन का डिब्बा पटरी से उतरा, मुंबई की उपनगरीय सेवाएं प्रभावित
मुंबई। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब डोंबिवली स्टेशन के नजदीक एक खाली लोकल ट्रेन का डिब्बा पटरी से उतर गया। इस घटना के कारण मुंबई की व्यस्त उपनगरीय रेल सेवाएं प्रभावित हो गईं और ऑफिस समय में यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 8:09 बजे हुई, जब एक खाली ट्रेन कलवा ईएमयू कार शेड से कल्याण की ओर जा रही थी। गनीमत रही कि ट्रेन में कोई यात्री सवार नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना के बाद मध्य रेलवे की मुख्य लाइन पर ट्रेन संचालन प्रभावित हो गया। खासकर छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से ठाणे और रायगढ़ की ओर जाने वाली सेवाओं में 20 से 30 मिनट तक की देरी दर्ज की गई। इससे प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई।

रेलवे ने स्थिति को संभालने के लिए ‘स्लो लाइन’ की ट्रेनों को ‘फास्ट लाइन’ से संचालित किया, लेकिन इसके बावजूद कई स्टेशनों पर यात्रियों को असुविधा झेलनी पड़ी। कुछ स्थानों पर कल्याण की ओर जाने वाली लोकल सेवाएं अस्थायी रूप से उपलब्ध नहीं रहीं।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस घटना के चलते कम से कम तीन लोकल ट्रेन सेवाएं बाधित हुईं। राहत कार्य तुरंत शुरू किया गया और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 10:10 बजे डिब्बे को दोबारा पटरी पर चढ़ा लिया गया। इसके बाद 10:45 बजे से प्रभावित लाइन पर ट्रेन संचालन धीरे-धीरे सामान्य होने लगा।
रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल निला ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और सेवाएं बहाल कर दी गई हैं। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।



Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!