उधमपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: बस खाई में गिरी, 21 की मौत, 29 से अधिक घायल
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 29 से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब रामनगर से आ रही एक यात्री बस कगोट इलाके के पास अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
प्रत्यक्षदर्शियों और घायलों के अनुसार, बस में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे और वाहन तेज रफ्तार में चल रहा था। कगोट नाले के समीप अचानक बस का टायर फट गया, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे खाई में गिरकर पलट गई। दुर्घटना के बाद बस का ऊपरी हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों, पुलिस और बचाव दलों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कई यात्रियों को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों का इलाज सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) उधमपुर में चल रहा है।
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस सार्वजनिक परिवहन सेवा का हिस्सा थी। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई यात्री बस के पलटते ही बाहर जा गिरे, जबकि कुछ के शव सड़क और ढलान पर बिखरे मिले। राहत कार्य में क्रेन और सुरक्षाबलों की मदद ली गई, वहीं स्थानीय लोगों ने भी सक्रिय सहयोग किया।




Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!