वार्ड नंबर 19 से कांग्रेस ने नजमा को बनाया उम्मीदवार, क्षेत्र में बढ़ी सियासी हलचल
पंचकूला नगर निगम चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां लगातार तेज होती जा रही हैं। इसी क्रम में कांग्रेस पार्टी ने वार्ड नंबर 19 से नजमा, पत्नी एडवोकेट इकरान (रामगढ़), को अपना अधिकृत उम्मीदवार घोषित किया है। टिकट की घोषणा होते ही पूरे क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
नगर निगम पंचकूला का वार्ड नंबर 19 भौगोलिक और सामाजिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। इस वार्ड में रामगढ़, मानक्या, बिल्ला, भानू, जसवंतगढ़ (कोटली), दबकोरी और बेहड़ जैसे गांव शामिल हैं, जहां विभिन्न समुदायों का प्रभाव होने के कारण चुनावी मुकाबला हमेशा रोचक रहता है। ऐसे में कांग्रेस द्वारा नजमा को मैदान में उतारने से चुनावी समीकरणों में हलचल तेज हो गई है।
उम्मीदवारी घोषित होने के बाद नजमा के निवास स्थान पर समर्थकों, स्थानीय नागरिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का तांता लग गया। लोगों ने फूल-मालाओं के साथ उनका जोरदार स्वागत किया और जीत की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। इस दौरान माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा नजर आया।
इस मौके पर नजमा ने सभी समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देंगी। उन्होंने साफ कहा कि पेयजल, स्वच्छता, सड़क, स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना और आम जनता की समस्याओं का समाधान करना उनका मुख्य लक्ष्य रहेगा। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि वे हर वर्ग के लोगों को साथ लेकर चलेंगी।
नजमा ने अपनी उम्मीदवारी के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेतृत्व का विशेष रूप से धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, सांसद वरुण चौधरी, पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं विधायक चंद्रमोहन बिश्नोई, जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय चौहान तथा पूर्व पार्षद सलीम दबकोरी सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उस पर खरा उतरने के लिए पूरी मेहनत और ईमानदारी से कार्य करेंगी। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव में जुटने का आह्वान किया।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि वार्ड नंबर 19 में इस बार मुकाबला काफी दिलचस्प होने जा रहा है। नजमा की उम्मीदवारी ने न केवल कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरी है, बल्कि विरोधी दलों के लिए भी चुनौती खड़ी कर दी है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आगामी चुनाव में जनता किसे अपना प्रतिनिधि चुनती है।




Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!