20 नवंबर से चंडीगढ़ में चुनावी रण संभावित ! 18 नवंबर को आएंगे चुनाव आयुक्त, मेयर चुनाव की कमान भी अब DC के हाथ
नगर निगम के 35 वार्डों में चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। दिसंबर में प्रस्तावित चुनाव के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मतदान 20 से 25 दिसंबर के बीच करवाए जाने की संभावना है। चुनावी कार्यक्रम को लेकर राज्य चुनाव आयुक्त विजय देव 18 नवंबर को चंडीगढ़ पहुंचेंगे। इस दौरान वह प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर मतदान केंद्रों, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य चुनावी इंतजामों की समीक्षा करेंगे।
बैठक के बाद चुनाव कार्यक्रम को अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है। संभावना है कि 20 नवंबर के आसपास चुनाव का शेड्यूल घोषित कर दिया जाए और इसके साथ ही शहर में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो सकती है। हालांकि, मतदान और नामांकन की तारीखों पर अंतिम फैसला आधिकारिक घोषणा के बाद ही होगा।
मेयर चुनाव में भी बदलेगी व्यवस्था, DC होंगे पीठासीन अधिकारी
इस बार नगर निगम चुनाव के बाद होने वाले मेयर चुनाव में भी महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिलेगा। अब मेयर चुनाव की प्रक्रिया किसी मनोनीत या निर्वाचित पार्षद के बजाय चंडीगढ़ के उपायुक्त (DC) की निगरानी में पूरी कराने की तैयारी है। डीसी ही चुनावी बैठक की अध्यक्षता करने से लेकर मतदान और परिणाम घोषित करने तक की जिम्मेदारी संभालेंगे।
गौरतलब है कि पहले मेयर चुनाव में पीठासीन अधिकारी की भूमिका मनोनीत पार्षद निभाते थे। इस व्यवस्था को लेकर पूर्व में राजनीतिक पक्षपात और दलों के प्रभाव में काम करने के आरोप भी उठते रहे हैं। ऐसे में प्रशासनिक अधिकारी को यह जिम्मेदारी सौंपने का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता बढ़ाना है।
18 नवंबर की बैठक के बाद चुनावी तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है। इसके साथ ही चंडीगढ़ में दिसंबर के सियासी मुकाबले की उलटी गिनती शुरू हो जाएगी।




Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!