सुरक्षित जननी माह के तहत गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की होगी विशेष देखभाल : डॉ. मुक्ता कुमार
16 नवंबर से 15 दिसंबर तक चलेगा विशेष अभियान, उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था की पहचान और सुरक्षित संस्थागत प्रसव पर रहेगा विशेष जोर
बरवाला। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, हरियाणा के दिशा-निर्देशों के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य और सुरक्षित मातृत्व को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 16 नवंबर से 15 दिसंबर तक ‘सुरक्षित जननी माह’ अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के दौरान जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
यह जानकारी देते हुए सिविल सर्जन डॉ. मुक्ता कुमार ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना, गर्भावस्था के दौरान संभावित जटिलताओं की पहचान करना और सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान गर्भवती महिलाओं की नियमित प्रसव पूर्व स्वास्थ्य जांच की जाएगी। इसके साथ ही उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था (हाई रिस्क प्रेग्नेंसी) की पहचान, एनीमिया की जांच एवं उपचार, आवश्यकता अनुसार आयरन सुक्रोज देने तथा पोषण संबंधी परामर्श की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। महिलाओं को सुरक्षित संस्थागत प्रसव के महत्व के प्रति भी जागरूक किया जाएगा।

सिविल सर्जन ने कहा कि गर्भवती महिलाओं को प्रसव पूर्व जांच, आवश्यक लैब टेस्ट, टीकाकरण और समय पर उपचार की सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। विशेष रूप से उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उनका नियमित फॉलोअप किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए उच्च स्वास्थ्य केंद्रों में रेफर किया जाएगा, ताकि जच्चा और बच्चा दोनों का स्वास्थ्य सुरक्षित रखा जा सके।
उन्होंने बताया कि इस अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के लिए नगर निगम पार्षदों, सरपंचों, पंचायत सदस्यों और अन्य जनप्रतिनिधियों का सहयोग भी लिया जाएगा। इनके माध्यम से गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों को सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र महिला आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रहे।
डॉ. मुक्ता कुमार ने आमजन से अपील की कि गर्भवती महिलाएं अपनी सभी प्रसव पूर्व स्वास्थ्य जांच निर्धारित समय पर अवश्य करवाएं और सुरक्षित प्रसव के लिए सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों की सेवाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि समय पर जांच, उचित पोषण और चिकित्सकीय परामर्श मां और शिशु दोनों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी हैं।





Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!