महिला मंडल समूह की महिलाओं द्वारा शिव महिमा का किया जा रहा गुणगान
महाशिवरात्रि को लेकर भगवानपुर के शिव मंदिर में सुबह-शाम भजन-कीर्तन, 11 अगस्त को कांवड़िए करेंगे जलाभिषेक
खबरी प्रसाद, बरवाला। गुरदीप सिंह।
महाशिवरात्रि पर्व को लेकर गांव भगवानपुर स्थित शिव मंदिर में इन दिनों भक्तिमय माहौल बना हुआ है। मंदिर में हर रोज सुबह और शाम महिला मंडल समूह की महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन कर भगवान शिव की महिमा का गुणगान किया जा रहा है।
मंदिर कमेटी के प्रधान कर्मचंद और उपप्रधान अंजना ने बताया कि महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनजर मंदिर कमेटी की ओर से मंदिर की साफ-सफाई और सजावट का कार्य भी किया जा रहा है। पर्व को लेकर मंदिर को विशेष रूप से सजाया जा रहा है।
11 अगस्त को कांवड़िए करेंगे भगवान शिव का जलाभिषेक
मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि 11 अगस्त को हरिद्वार से कांवड़ लेकर आने वाले कांवड़ जत्थों के सदस्य मंदिर में पहुंचेंगे और भगवान शिव का विधिवत जलाभिषेक करेंगे।
इस अवसर पर ग्रामीणों की ओर से कांवड़ियों का जोरदार स्वागत भी किया जाएगा। मंदिर कमेटी और ग्रामीणों द्वारा कांवड़ियों के स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं।
सावन में शिवलिंग का हो रहा आकर्षक श्रृंगार
महिला मंडल कीर्तन समूह की सोनिया सैनी, सुलोचना, स्नेहलता, कुलदीप कौर आदि ने बताया कि सावन माह में प्रतिदिन शिवलिंग का अलग-अलग स्वरूप में आकर्षक श्रृंगार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि शिवलिंग के विशेष श्रृंगार और भजन-कीर्तन को लेकर श्रद्धालुओं में भी उत्साह देखने को मिल रहा है। श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शनों के लिए विशेष रूप से मंदिर पहुंच रहे हैं और उनका आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।
मंदिर परिसर में सुबह-शाम भजन-कीर्तन के चलते भक्तिमय वातावरण बना हुआ है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं।



Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!