हरियाणा महिला आयोग के सामने पेश नहीं हुए सिंगर मासूम शर्मा, मिला एक और मौका
हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा शनिवार को हरियाणा राज्य महिला आयोग के समक्ष पेश नहीं हुए। उन्हें उत्तराखंड के देहरादून में एक कॉलेज कार्यक्रम के दौरान मंच से कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल के मामले में तलब किया गया था।
हालांकि, सिंगर की ओर से उनके वकील आयोग में पेश हुए और जवाब दाखिल किया गया। आयोग ने उन्हें एक और अवसर देने का फैसला किया है।
आयोग ने दी अंतिम चेतावनी
हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि मासूम शर्मा को समन जारी किया गया था और उनके लिए कार्यालय भी शनिवार को विशेष रूप से खुला रखा गया था, लेकिन वे स्वयं उपस्थित नहीं हुए।
आयोग ने कहा कि सिंगर को अंतिम अवसर दिया जाएगा और यदि अगली सुनवाई में भी वे पेश नहीं होते हैं, तो उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।

देहरादून कॉलेज कार्यक्रम से जुड़ा है मामला
यह पूरा मामला 11 अप्रैल को उत्तराखंड के देहरादून स्थित एक कॉलेज कार्यक्रम से जुड़ा है, जहां मासूम शर्मा पर मंच से आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप है। कार्यक्रम के दौरान उनके द्वारा कथित रूप से की गई टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया था।
इस घटना के बाद उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी।
सिंगर ने दी सफाई, मांगी माफी
मामले के बाद सिंगर मासूम शर्मा ने सोशल मीडिया के जरिए माफी मांगते हुए कहा था कि वे उस समय मानसिक दबाव में थे। उन्होंने यह भी दावा किया कि कुछ लोगों से उन्हें धमकियां मिल रही थीं, जिसके चलते वे तनाव में थे।
साथ ही उन्होंने कहा था कि उन्होंने संबंधित मामले की जानकारी ईमेल के जरिए आयोग को भी भेज दी है।
पुलिस जांच भी जारी
इस मामले में पहले ही देहरादून पुलिस ने सिंगर के खिलाफ केस दर्ज किया है और नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कार्यक्रम से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।



Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!