अवैध डंपिंग साइट्स पर लगेगा पूर्ण विराम, सफाई और सुरक्षा होगी प्राथमिकता: प्रवीण गोयल
पंचकूला। नगर निगम वार्ड नंबर 16 के निर्दलीय उम्मीदवार प्रवीण गोयल ने सेक्टर-16, 17 और 18 में व्याप्त सफाई व्यवस्था और विकास से जुड़े मुद्दों को अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल करते हुए अवैध डंपिंग साइट्स को बंद करवाने का संकल्प जताया है। उन्होंने कहा कि वार्ड के विभिन्न हिस्सों में जहां भी कूड़ा फेंकने के लिए अवैध स्थान बनाए गए हैं, उन्हें तत्काल प्रभाव से बंद कराकर उन स्थानों की तारबंदी की जाएगी, ताकि भविष्य में वहां कूड़ा न डाला जा सके।
सेक्टर-17 में डोर-टू-डोर जनसंपर्क के दौरान स्थानीय निवासियों ने कूड़ा निस्तारण की गंभीर समस्या को उठाया। लोगों का कहना था कि बैक साइड में स्थित कॉलोनियों के कारण अक्सर यहां कूड़े के ढेर जमा हो जाते हैं, जिससे न केवल गंदगी फैलती है बल्कि क्षेत्र की सुंदरता भी प्रभावित होती है। इस पर प्रवीण गोयल ने भरोसा दिलाया कि ऐसे सभी स्थानों की पहचान कर स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने सेक्टर-18 को पंचकूला का सबसे पुराना क्षेत्र बताते हुए कहा कि यहां बुनियादी सुविधाओं में सुधार की आवश्यकता है। क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि निवासियों को बेहतर वातावरण मिल सके।
साथ ही, सेक्टर-17 के सामुदायिक केंद्र के आसपास सुरक्षा को लेकर उठ रही चिंताओं पर भी उन्होंने ध्यान दिया। उन्होंने कहा कि कॉलोनी से सटे क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की शिकायतें मिलती रही हैं, जिसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।
वरिष्ठ नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए प्रवीण गोयल ने एक विशेष पहल की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि एक पुस्तिका तैयार की जाएगी, जिसमें वार्ड के सभी वरिष्ठ नागरिकों के संपर्क विवरण दर्ज होंगे। इसके अलावा वे स्वयं भी अपना संपर्क नंबर साझा करेंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोग सीधे उनसे संपर्क कर सकें और उन्हें त्वरित सहायता मिल सके।



Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!