थाईलैंड ने भारतीयों के लिए वीजा-फ्री एंट्री खत्म की, अब VoA और ई-वीजा से ही मिलेगी एंट्री
थाईलैंड सरकार ने अपनी वीजा नीति में बड़ा बदलाव करते हुए भारतीय यात्रियों के लिए वीजा-फ्री एंट्री सुविधा समाप्त कर दी है। इस फैसले के बाद अब भारत के नागरिकों को थाईलैंड यात्रा के लिए ‘वीजा ऑन अराइवल’ (VoA) या ई-वीजा प्रणाली के तहत अनुमति लेनी होगी।
थाईलैंड के विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह संशोधित नीति देश की वीजा छूट और प्रवेश व्यवस्था की व्यापक समीक्षा का हिस्सा है, जिसे सुरक्षा और आव्रजन से जुड़ी चिंताओं के मद्देनजर लागू किया जा रहा है।
नई व्यवस्था के तहत अब 93 देशों के लिए लागू 60 दिनों की वीजा-फ्री सुविधा समाप्त कर दी गई है। इसके साथ ही वीजा ऑन अराइवल (VoA) श्रेणी को भी सीमित करते हुए केवल चार देशों—भारत, अज़रबैजान, बेलारूस और सर्बिया—को इसमें शामिल किया गया है।
भारत पहले उन देशों में शामिल था जिन्हें बिना वीजा 60 दिनों तक थाईलैंड में प्रवेश की अनुमति थी, लेकिन यह सुविधा अब समाप्त कर दी गई है।
सरकारी आदेश के मुताबिक, जो यात्री पहले से यात्रा पर हैं या नए नियम लागू होने से पहले प्रवेश करेंगे, उन्हें मौजूदा नियमों के तहत ही निर्धारित अवधि तक रुकने की अनुमति दी जाएगी।
थाई सरकार ने स्पष्ट किया है कि संशोधित नियमों के लागू होने के बाद यात्रियों को या तो वीजा छूट समझौते, द्विपक्षीय व्यवस्था या ई-वीजा प्रणाली के जरिए प्रवेश लेना होगा।
यह फैसला ऐसे समय आया है जब थाईलैंड ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए महामारी के बाद शुरू की गई व्यापक वीजा छूट नीति की समीक्षा शुरू की है। अधिकारियों का कहना है कि कुछ विदेशी नागरिकों से जुड़ी अवैध गतिविधियों और सुरक्षा चिंताओं के चलते यह कदम उठाया गया है।




Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!