फुकेट एयरपोर्ट पर एअर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट की हार्ड लैंडिंग, नोज गियर टूटा; सभी यात्री सुरक्षित
थाईलैंड के फुकेट इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार को एअर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट लैंडिंग के दौरान हादसे का शिकार हो गई। विमान के रनवे पर उतरते ही उसका नोज गियर (सामने का लैंडिंग गियर) टूट गया और आगे का पहिया अलग हो गया। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित हैं।
हैदराबाद से फुकेट जा रही थी फ्लाइट
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट AXB938 हैदराबाद से फुकेट जा रही थी। यह विमान बोइंग 737-800 था, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर VT-BWQ बताया गया है। विमान में सात क्रू मेंबर, 131 यात्री और दो बच्चे सवार थे।
फ्लाइट निर्धारित समय से पहले ही फुकेट पहुंच गई थी। विमान की लैंडिंग का समय सुबह 11:40 बजे था, लेकिन यह लगभग 11:24 बजे रनवे पर उतर गया।
तेज लैंडिंग से हुआ नुकसान
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक विमान की लैंडिंग अपेक्षाकृत तेज रही, जिसके कारण उसके नोज लैंडिंग गियर को गंभीर नुकसान पहुंचा। लैंडिंग के दौरान आगे का पहिया अलग हो गया, जिससे विमान रनवे पर ही रुक गया और उसे तुरंत हटाया नहीं जा सका।
घटना के बाद एयरपोर्ट की रेस्क्यू टीम ने एहतियात के तौर पर रनवे पर सफेद पाउडर छिड़का। यह पाउडर आमतौर पर संभावित ईंधन रिसाव की स्थिति में आग लगने के खतरे को कम करने के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
एयरपोर्ट प्रशासन ने रनवे किया बंद
घटना के बाद फुकेट इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रशासन ने दोपहर 12:08 बजे से शाम 6 बजे तक रनवे अस्थायी रूप से बंद कर दिया। इस दौरान विमान को हटाने और रनवे की सुरक्षा जांच का काम किया गया।
एयरपोर्ट अधिकारियों ने स्थिति को जल्दी नियंत्रित कर लिया और सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से बाहर निकाल लिया गया। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
एअर इंडिया एक्सप्रेस का बयान
एअर इंडिया एक्सप्रेस ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि 11 मार्च को हैदराबाद से फुकेट जाने वाली उनकी फ्लाइट में लैंडिंग के दौरान नोज व्हील में तकनीकी समस्या आ गई थी। एयरलाइन के अनुसार, विमान में मौजूद सभी यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है।
एयरपोर्ट प्रशासन ने प्रभावित यात्रियों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट आने से पहले अपनी एयरलाइन से फ्लाइट की स्थिति की जानकारी अवश्य जांच लें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।




Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!