‘बबला कहीं नहीं जाएगा, बबला यहीं रहेगा’, समर्थकों ने लगाए नारे; उम्मीदवार ने कार्यकर्ताओं को ओवर कॉन्फिडेंस से बचने की दी नसीहत
वार्ड-10 में pm मोदी की मन की बात समर्थकों के साथ देविंदर सिंह बबला ने सुनी बोले- लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए लगा देंगे पूरी ताकत
नगर निगम चुनाव को लेकर वार्ड नंबर-10 में भाजपा प्रत्याशी देविंदर सिंह बबला ने जनसंपर्क के दौरान जनता को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए वह पूरी मेहनत और ताकत लगाएंगे। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के पास जनता के बीच ले जाने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं है। उसे केवल नकारात्मक राजनीति करना आता है।
अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बबला ने चुनाव में अति आत्मविश्वास से बचने की खास नसीहत दी। उन्होंने कहा कि जीत को लेकर जरूरत से ज्यादा आश्वस्त होने के बजाय जमीन पर रहकर काम करना चाहिए। कई बार ओवर कॉन्फिडेंस चुनाव के नतीजों को बदल देता है, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी गंभीरता से मेहनत करनी होगी।

इस दौरान समर्थकों ने भी माहौल को नारों से गर्मा दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में लगाए जाने वाले नारों की तर्ज पर कार्यकर्ताओं ने ‘बबला कहीं नहीं जाएगा, बबला यहीं रहेगा’ के नारे लगाए। समर्थकों ने उनके स्थानीय जुड़ाव को चुनावी संदेश के रूप में पेश करते हुए कहा कि बबला इसी क्षेत्र के हैं और यहीं रहकर लोगों के बीच काम करेंगे।
गौरतलब है कि वार्ड नंबर-10 में भाजपा के देविंदर सिंह बबला का मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी रणजोत सिंह से है, जो उनके भांजे हैं। वहीं आम आदमी पार्टी ने तरसेम मित्तल को मैदान में उतारा है। ऐसे में इस वार्ड का चुनाव राजनीतिक मुकाबले के साथ मामा-भांजे की चुनावी टक्कर के कारण भी चर्चा में है।
रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का प्रसारण भी देवेंद्र सिंह बबला ने अपने समर्थकों के साथ सुना था । कार्यक्रम में लगभग 200 से ज्यादा समर्थक मौजूद रहे।




Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!