कांग्रेस में टिकट कटने का गुस्सा सड़क पर आया! अशोक तिवारी ने लक्की को दी खुली चुनौती, बोले- तुम अपने उम्मीदवार को जिताओ, हम अपने को जिताकर दिखाएंगे
नगर निगम चुनाव से पहले चंडीगढ़ कांग्रेस में टिकट वितरण को लेकर नाराजगी अब खुली राजनीतिक चुनौती में बदलती नजर आ रही है। रामदरबार क्षेत्र से कांग्रेस से टिकट की दावेदारी कर रहे हिंदूवादी नेता अशोक तिवारी को टिकट नहीं मिला तो उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। तिवारी ने खुले तौर पर चुनौती देते हुए कहा कि लक्की अपने उम्मीदवार को जिताने के लिए पूरी ताकत लगा लें और वह जिस उम्मीदवार को समर्थन देंगे, उसे जिताने में अपना पूरा जोर लगा देंगे।
टिकट कटने से नाराज अशोक तिवारी ने कांग्रेस के टिकट वितरण पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि रामदरबार की टिकट पैसे लेकर बेची गई है। उनके इस बयान से पार्टी के भीतर असंतोष और बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। हालांकि, टिकट बेचने के आरोपों की कोई पुष्टि नहीं हुई है।

लक्की का पलटवार- पैसे लेकर टिकट देने का आरोप साबित करें, इस्तीफा दे दूंगा
दूसरी तरफ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने टिकट बेचने के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। उनका कहना है कि पार्टी ने उम्मीदवारों का चयन उनकी जीतने की क्षमता और जमीनी स्थिति को ध्यान में रखकर किया है, न कि पैसे के आधार पर। लक्की ने यहां तक चुनौती दी है कि यदि कोई व्यक्ति टिकट के लिए पैसे लेने का आरोप साबित कर दे तो वह अपने पद से इस्तीफा देने को तैयार हैं।
बहुमत और मेयर बनाने का दावा, बागियों से बढ़ी चुनौती
लक्की का दावा है कि कांग्रेस ने सभी वार्डों में जीतने की क्षमता रखने वाले उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है और पार्टी नगर निगम में बहुमत हासिल कर अपना मेयर बनाएगी। लेकिन दूसरी ओर टिकट नहीं मिलने से नाराज नेताओं की बयानबाजी और बगावती तेवर पार्टी की चुनावी रणनीति के लिए चुनौती बन सकते हैं।
रामदरबार से शुरू हुई यह जुबानी जंग अब कांग्रेस के भीतर टिकट वितरण की पारदर्शिता और बागियों को संभालने की क्षमता की परीक्षा बनती दिखाई दे रही है। अब सवाल है कि अशोक तिवारी का यह खुला चैलेंज केवल बयानबाजी तक सीमित रहेगा या चुनाव में कांग्रेस के वोट बैंक पर भी असर डालेगा।



Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!