चंडीगढ़ निगम चुनाव: उम्मीदवारों को लक्की का जीत का मंत्र, BJP की घेराबंदी के लिए कांग्रेस ने तैयार किया वार्ड-वार प्लान
चंडीगढ़। चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस ने चुनावी मैदान में पूरी ताकत झोंकने की तैयारी शुरू कर दी है। उम्मीदवारों की घोषणा के बाद अब पार्टी ने प्रचार की रणनीति पर काम तेज कर दिया है। इसी कड़ी में रविवार को चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने उम्मीदवारों के लिए विशेष चुनाव प्रबंधन प्रशिक्षण और रणनीतिक बैठक आयोजित की। प्रदेश अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने उम्मीदवारों को जीत का मंत्र देते हुए भाजपा को हर वार्ड में घेरने और उसकी कथित नाकामियों को जनता के सामने रखने का आह्वान किया।
लक्की ने उम्मीदवारों को स्पष्ट संदेश दिया कि चुनाव प्रचार केवल पोस्टर और रैलियों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने के साथ घर-घर संपर्क और सोशल मीडिया को भी प्रचार का मजबूत माध्यम बनाया जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जनहितकारी सोच और विकास के विजन को हर मतदाता तक पहुंचाना होगा।

ट्रैफिक से सफाई तक, भाजपा को इन मुद्दों पर घेरने की तैयारी
बैठक में शहर की बुनियादी समस्याओं को चुनावी मुद्दा बनाने पर जोर दिया गया। लक्की ने आरोप लगाया कि भाजपा के बड़े-बड़े वादों के बावजूद चंडीगढ़ के लोगों को बढ़ते ट्रैफिक, बदहाल सड़कों, महंगी होती सुविधाओं, सफाई व्यवस्था की खामियों और पानी-सीवरेज की समस्याओं से राहत नहीं मिली। उन्होंने नगर निगम की कमजोर आर्थिक स्थिति को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा।
सिर्फ विरोध नहीं, विकास का विकल्प भी पेश करेगी कांग्रेस
लक्की ने कहा कि यह चुनाव केवल पार्षद चुनने का नहीं, बल्कि चंडीगढ़ के भविष्य और विकास की दिशा तय करने का अवसर है। कांग्रेस उम्मीदवारों को भाजपा की नीतियों पर सवाल उठाने के साथ जनता के सामने अपना सकारात्मक और विकास आधारित एजेंडा भी रखना होगा।
पार्टी ने नगर निगम को जवाबदेह, पारदर्शी और जनहितकारी संस्था बनाने का संकल्प दोहराया। अब कांग्रेस की रणनीति का असली इम्तिहान वार्डों में होगा, जहां उसे भाजपा के खिलाफ उठाए गए मुद्दों को मतदाताओं तक पहुंचाना है।


Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!