किसीं पार्टी में नहीं जाएंगे दुबे किया ऐलान !
भाजपा से टिकट कटा तो अनिल दुबे ने विकास नगर में दिखाई ताकत! 2 हजार से ज्यादा समर्थकों के साथ किया फिर शक्ति प्रदर्शन, निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान
नगर निगम चुनाव से पहले भाजपा में टिकट वितरण के बाद शुरू हुई नाराजगी अब नए राजनीतिक समीकरण बनाने लगी है। पार्टी से टिकट नहीं मिलने पर इस्तीफा दे चुके पूर्वांचल के कद्दावर नेता अनिल दुबे ने रविवार को वार्ड-7 के विकास नगर में अपने समर्थकों के साथ बड़ा जमावड़ा कर अपनी ताकत का अहसास कराया। उनके कार्यालय के पास आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 1500 से 2000 लोग पहुंचे। दोपहर 2 बजे शुरू हुआ कार्यक्रम लगभग ढाई घंटे तक चला। इस दौरान दुबे के कार्यालय तक पहुंचने वाले रास्ते पर समर्थकों की भीड़ के चलते आवागमन भी प्रभावित रहा।
हालांकि, अनिल दुबे ने इसे शक्ति प्रदर्शन मानने से साफ इनकार किया। उन्होंने कार्यक्रम को जन आशीर्वाद यात्रा करार देते हुए कहा कि यह उनकी ताकत दिखाने का नहीं, बल्कि लोगों के भरोसे का प्रमाण है। दुबे के मुताबिक, पिछले कई दिनों से उन्हें लगातार लोगों के फोन आ रहे हैं। समर्थक उनसे चुनाव लड़ने का आग्रह कर रहे हैं और भरोसा दिला रहे हैं कि वे हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहेंगे।
दूसरी पार्टी में जाने की अटकलों पर लगाया विराम
भाजपा से अलग होने के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा थी कि अनिल दुबे किसी दूसरे राजनीतिक दल का दामन थाम सकते हैं। कुछ पार्टियों के साथ उनका नाम भी जोड़ा जा रहा था। इन अटकलों पर विराम लगाते हुए दुबे ने स्पष्ट किया कि वह फिलहाल किसी राजनीतिक पार्टी में शामिल नहीं होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका चुनाव लड़ने का फैसला स्पष्ट है और वह निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरेंगे।

दूसरे वार्डों में भी बन सकते हैं राजनीतिक समीकरण
अनिल दुबे ने अपनी रणनीति का एक और अहम पहलू सामने रखा। उन्होंने कहा कि जिस राजनीतिक पार्टी के साथ उनका नाम जोड़ा जा रहा है, उस पार्टी के प्रति उनका विरोध नहीं है और वह दूसरे वार्डों में उसे अपना समर्थन दे सकते हैं। यानी वार्ड-7 में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में उतरने के साथ दूसरे वार्डों में समर्थन देकर चुनावी समीकरण प्रभावित करने की रणनीति भी उनके दिमाग में है।
भाजपा के लिए बढ़ सकती है चुनौती
भाजपा से टिकट नहीं मिलने के बाद दुबे की नाराजगी और अब निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा ने वार्ड-7 की चुनावी चर्चा को नया मोड़ दे दिया है। विकास नगर में जुटी भीड़ को दुबे अपने प्रति जनता के विश्वास के रूप में पेश कर रहे हैं। अब देखना होगा कि रविवार को दिखाई दिया यह जनसमर्थन मतदान के दिन वोटों में कितना तब्दील होता है और उनकी मौजूदगी वार्ड-7 में भाजपा समेत अन्य दलों के उम्मीदवारों के लिए कितनी चुनौती खड़ी करती है।




Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!