वार्ड-10 में ‘झाड़ू’ की तैयारी तेज, तरसेम मित्तल का दावा- चंडीगढ़ में सबसे बड़ी जीत हमारी होगी!
9 महीने से घर-घर दस्तक दे रहे AAP उम्मीदवार, पंजाब मॉडल के सहारे भाजपा को घेरा; मालिकाना हक की अधिसूचना को बताया कॉलोनीवासियों के साथ धोखा
चंडीगढ़, 29 नवंबर। नगर निगम चुनाव की सरगर्मियों के बीच वार्ड नंबर-10 में आम आदमी पार्टी ने अपनी चुनावी सक्रियता बढ़ा दी है। पार्टी की ओर से चुनाव की तैयारी कर रहे तरसेम मित्तल ने दावा किया कि पिछले नौ महीनों से लगातार चल रहे जनसंपर्क अभियान को लोगों का अच्छा समर्थन मिल रहा है। उन्होंने यहां तक कहा कि 35 वार्डों में सबसे बड़े अंतर से जीत वार्ड नंबर-10 में आम आदमी पार्टी की होगी।
मित्तल ने चुनावी मुद्दों पर भाजपा को घेरते हुए कहा कि AAP दिल्ली और पंजाब मॉडल को लेकर जनता के बीच जाएगी। उनका कहना है कि लोगों को मुफ्त पानी, सस्ती बिजली, बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने बिजली के निजीकरण का विरोध करते हुए इसे दोबारा सरकारी नियंत्रण में लाने की पैरवी की। साथ ही चंडीगढ़ के सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए स्कूल ऑफ एमिनेंस और मोहल्ला क्लीनिक जैसी सुविधाएं शुरू करने की मांग की।

पुनर्वास कॉलोनियों के मकानों के मालिकाना हक पर भाजपा के दावों को भी मित्तल ने निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा अधिसूचना में मूल आवंटी और उनके कानूनी वारिसों को प्राथमिकता देने की शर्त के कारण बड़ी संख्या में मौजूदा मकान मालिक लाभ से वंचित रह सकते हैं। उन्होंने इसे जल्दबाजी में लिया गया फैसला बताते हुए कॉलोनीवासियों के साथ अन्याय करार दिया।
आरक्षित वार्डों से जुड़े विवाद पर भी उन्होंने भाजपा पर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने के आरोप लगाए। मित्तल ने मतदाताओं से अपील की कि वे इस बार आम आदमी पार्टी को समर्थन देकर भाजपा को सत्ता से बाहर करें। उनका चुनावी नारा है कि जनता का पैसा जनता तक पहुंचे और चंडीगढ़ में बदलाव के लिए झाड़ू चले।



Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!