लड्डू से मिली शोहरत के बाद निवेश का खेल! 51 लाख का गणेश लड्डू खरीदने वाला कारोबारी अब करोड़ों की ठगी में फंसा
6% मासिक रिटर्न का लालच देने का आरोप, फ्लैट-ऑफिस खाली कर फरार
कभी 51.07 लाख रुपये का गणेश लड्डू खरीदकर सुर्खियों में आए कारोबारी कोंडापल्ली गणेश अब कथित निवेश धोखाधड़ी के मामले में पुलिस के रडार पर हैं। साइबराबाद इकोनॉमिक ऑफेंस विंग ने उनके और उनके सहयोगी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ताओं ने करोड़ों रुपये की रकम निवेश कराने और बाद में वापस न करने का आरोप लगाया है।
रियल एस्टेट और शराब कारोबार में निवेश का झांसा
शिकायत के अनुसार, गणेश ने रियल एस्टेट और शराब कारोबार में निवेश के नाम पर लोगों से रकम जुटाई। निवेशकों को कथित तौर पर हर महीने 6 प्रतिशत रिटर्न और तिमाही आधार पर मुनाफे में हिस्सेदारी देने का भरोसा दिया गया था। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि शुरुआत में भुगतान मिलता रहा, लेकिन बाद में रकम लौटाने में टालमटोल शुरू हो गई।
मामला तब सामने आया जब निवेशकों ने संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन गणेश ने फोन और संदेशों का जवाब देना बंद कर दिया। पुलिस के अनुसार, उसने अप्रैल में माय होम भूजा स्थित अपना फ्लैट और कार्यालय भी खाली कर दिया और उसके बाद से उसका पता नहीं चल पाया है।
लड्डू ने बनाई थी ‘भरोसेमंद कारोबारी’ की छवि
गणेश को 2024 में गणेश लड्डू की नीलामी में 29 लाख रुपये की बोली लगाने के बाद पहचान मिली थी। अगले साल उसने इसी आयोजन में 51.07 लाख रुपये की रिकॉर्ड बोली लगाकर लड्डू खरीदा और उसे सोसायटी के लोगों में बांट दिया। इससे इलाके में उसकी संपन्न कारोबारी की छवि और मजबूत हुई।
शिकायतकर्ताओं में सिल्विया श्रीनिवास रेड्डी समेत कई लोग शामिल हैं। पुलिस अब निवेश से जुड़े वित्तीय लेन-देन, रकम के स्रोत और अन्य संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटा रही है। आरोपी की तलाश भी जारी है।
हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।




Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!