हरियाणा में गैस संकट की आहट : घरेलू सिलेंडरों का सीमित स्टॉक, राज्य की 1000 से ज्यादा इंडस्ट्री बंद होने के दरवाजे पर
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते तनाव का असर अब हरियाणा में गैस आपूर्ति पर भी दिखाई देने लगा है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को तेल कंपनियों से मिली जानकारी के अनुसार राज्य में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का सीमित स्टॉक बचा है, जबकि कॉमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई पर फिलहाल अस्थाई रोक लगा दी गई है। इस स्थिति के चलते उद्योगों और व्यावसायिक गतिविधियों पर भी असर पड़ना शुरू हो गया है।
विभाग ने हालात का आकलन करने के लिए इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम से स्टॉक और दैनिक खपत का विस्तृत विवरण मांगा था। कंपनियों द्वारा भेजी गई रिपोर्ट के अनुसार बुधवार दोपहर तक इंडियन ऑयल के पास करीब साढ़े तीन दिन की घरेलू आपूर्ति का स्टॉक बचा है। भारत पेट्रोलियम के पास लगभग सात दिन और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के पास करीब छह दिन तक की आपूर्ति के लिए गैस उपलब्ध बताई गई है।
गैस की उपलब्धता कम होने के कारण घरेलू सिलेंडरों की डिलीवरी में भी देरी होने लगी है। पहले जहां उपभोक्ताओं को एक से दो दिन में सिलेंडर मिल जाता था, वहीं अब कई जगहों पर एक सप्ताह तक इंतजार करना पड़ रहा है। कैथल और रेवाड़ी जैसे शहरों में गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।
कॉमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई रुकने का सबसे ज्यादा असर उद्योगों पर पड़ा है। अकेले पानीपत में गैस आधारित करीब 250 से अधिक टेक्सटाइल और हैंडलूम इकाइयों को उत्पादन बंद करना पड़ा है। इसके साथ ही पॉलिएस्टर धागे की कीमतों में करीब 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
वहीं शादी-विवाह के सीजन के बीच कैटरिंग, होटल और रेस्टोरेंट कारोबार से जुड़े लोगों की चिंता भी बढ़ गई है, क्योंकि कॉमर्शियल गैस की कमी से उनकी सेवाओं पर असर पड़ सकता है। राज्य सरकार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और कंपनियों से नियमित रूप से आपूर्ति से संबंधित रिपोर्ट ली जा रही है।
किसी को भी जमाखोरी नहीं करने देंगे : बोले विभाग के मंत्री जी
खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने कहा है कि केंद्र सरकार ने आदेश दिए हैं कि घरेलू सिलेंडर के उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की दिक्कत न हो और किसी प्रकार की जमाखोरी न की जाए। इसे देखते हुए राज्य में कॉमर्शियल सिलेंडर देने पर अस्थाई रोक लगा दी गई है। सभी एजेंसियों से अपना स्टॉक बताने को कहा गया है। इसके अलावा, सिलेंडरों के स्टॉक को लेकर रोजाना रिपोर्टिंग की जाएगी। घरेलू सिलेंडर के लिए बुकिंग का समय 21 से 25 दिन रखा गया है। उन्होंने माना थोड़ी समस्या जरूर है पर गंभीर नहीं है ।



Leave a Reply
Want to join the discussion?Feel free to contribute!